Friday, March 29, 2024
Uncategorized

13 महिला अपराधी,दाऊद इब्राहिम से लेकर बड़े अपराधी तक,सर झुकाते थे

लेडी डॉन के तौर पर कुख्यात अनुराधा कोई पहला नाम नहीं है। इससे पहले भी देश में कई कुख्यात लेडी डॉन हुई हैं। आइये जानते हैं देश की टॉप 13 लेडी डॉन के बारे में।

1. अर्चना बालमुकुंद शर्मा – किडनैपिंग क्वीन

उज्जैन मध्य प्रदेश में जन्मी अर्चना बालमुकुंद शर्मा (Archana Balmukund Sharma), चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। केंद्रीय विद्यालय से उसने 12वीं तक पढ़ाई की। छह माह तक पुलिस की नौकरी करने वाली और रामलीला में सीता का किरदार निभाने वाली अर्चना फिल्मों में अभिनेत्री बनना चाहती थी, लेकिन डॉन बबलू श्रीवास्तव के संपर्क में आकर वह एक खूंखार अपराधी बन गई। उसे किडनैपिंक क्वीन के तौर पर पहचाना जाने लगा। फिलहाल वह कहां है कोई पता नहीं। माना जाता है कि वो विदेश में बैठकर अब भी भारत में रंगदारी वसूलती है।

2. जेनाबाई दारूवाली – माफिया क्वीन

जैनब उर्फ जेनाबाई दारूवाली (Jenabai Daruwali), डोंगरी मुंबई से शराब की तस्करी शुरू करने वाली जैनब ने मुंबई अंडरवर्ल्ड पर लंबे समय तक राज किया। माफिया क्वीन के तौर पर पहचान बनाने वाली जेनाबाई अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम, हाजी मस्तान, करीम लाला और मुंबई में तस्करी से जुड़े तमाम माफियाओं को अपने इशारों पर नचाती थी। अंडरवर्ल्ड ही नहीं मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों का भी उसके ठिकाने पर आना-जाना लगा रहता था। कोई उसकी बात नहीं टाल सकता था।

3. रूबीना सिराज सैय्यद – दि हीरोइन

खूबसूरती की वजह से रूबीना (Rubina Siraj Syed) ने अपराध की दुनिया में हीरोइन नाम से पहचान बनाई। कभी जानी-मानी ब्यूटीशियन रही रूबीना ने पैसों के लालच में छोटा राजन से हाथ मिला लिया। उसने अपनी खूबसूरती से कईयों को काबू किया। पुलिसवाले भी उसकी खूबसूरती पर लट्टू हो जाते थे। इसी का फायदा उठाकर 70 के दशक में वह जेल में बंद छोटा शकील के गुर्गों तक हथियार और नशे का सामान पहुंचाती थी। महाराष्ट्र सरकार ने उसकी आपराधिक गतिविधियों की वजह से उस पर मकोका भी लगाया था।

4. संतोकबेन साराभाई जड़ेजा – गॉडमदर

गुजरात की संतोकबेन साराभाई जड़ेजा उर्फ गॉडमदर (Godmother Santokben Sarmanbhai Jadeja) पर हत्या के 14 मामले दर्ज हैं। उसके गैंग के खिलाफ 500 से ज्यादा केस दर्ज हैं। गॉडमदर ने पति की हत्या का बदला लेने के लिए अपराध की दुनिया में कदम रखा था। गुजरात के ही पोरबंदर में उसके पति की हत्या कर दी गई थी। इसका बदला लेने के लिए ही उसने 14 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। संतोकबेन, वर्ष 1990 से 1995 तक विधायक भी बनी। शबाना आजमी अभिनीत फिल्म ‘गॉडमदर’ संतोकबेन पर ही बनी है।

5. शशिकला रमेश – बेबी

दूध बेचने वाली शशिकला (Lady Don Shashikala Ramesh alias Baby) ने पैसों के लालच में ड्रग्स की तस्करी शुरू की और जल्द ही मुंबई में कुख्यात हो गई। अपराध की दुनिया में उसे बेबी नाम से जाना जाने लगा। वर्ष 2015 में मुंबई पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार किया तब तक ड्रग्स की तस्करी से वह 100 करोड़ रुपये की संपत्ति खड़ी कर चुकी थी। शशिकला उर्फ बेबी को मुंबई का सबसे बड़ा ड्रग्स माफिया माना जाता है।

6. केडी केमपम्मा – साइनाइड किलर

साइनाइड किलर के नाम से कुख्यात केडी केमपम्मा (Cyanide Killer KD Kempamma), बैंगलुरू की सीरियल किलर है। वह अपने चाहने वालों को एकांत स्थान पर मिलने के लिए बुलाती और वहां उनकी हत्या कर लूट लेती थी। इसके लिए उसे मौत की सजा सुनाई गई, जिसे बाद में आजीवन कारावास में बदल दिया गया।

7. बेला ऑटी – सबसे बड़ी शराब माफिया

बेला ऑटी (The ilicit liquor baron Bela Aunty) की पहचान मुंबई की सबसे बड़ी शराब माफिया के तौर पर है। 70 के दशक में जब अवैध शराब के खिलाफ सख्ती बढ़ी, तब भी बेला ऑटी ने ट्रकों में भरकर पूरी मुंबई में अवैध शराब की तस्करी की। अधिकारियों का मुंह बंद कराने के लिए बेला ने उन्हें मोटी रिश्वत दी। उसने शराब की तस्करी जारी रखने के लिए तब के गैंगस्टरों, अधिकारियों और राजनेताओं सबको डरा रखा था। किसी में हिम्मत नहीं थी कि अवैध शराब की तस्करी में लगी उसकी गाड़ियों को कोई रोक सके। यहां तक कि उस वक्त का अंडरवर्ल्ड डॉन वर्धाभाई भी उसे अपने एरिया धारावी में शराब की तस्करी करने से नहीं रोक सका था।

8. हसीना पारकर – गॉडमदर ऑफ नागपाड़ा

भारत के मोस्ट वांटेड दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर (Haseena Parkar) वो नाम है, जो किसी परिचय का मोहताज नहीं। दाऊद इब्राहिम के भारत से भागने के बाद मुंबई में उसके अवैध धंधों की बागडोर बहन हसीना पारकर ने ही संभाली। अपराध की दुनिया में उसकी पहचान गॉडमदर ऑफ नागपाड़ा और अप्पा मतलब बड़ी बहन के तौर पर रही है। इसमें कोई संदेह नहीं कि उसमें मुंबई के अपराध जगत में एकछत्र राज किया है। वर्ष 2014 में हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई।

9. सोनू पंजाबन – देह व्यापार के लिए बदनाम

हरियाणा के रोहतक की रहने वाली गीता अरोड़ा उर्फ सोनू पंजाबन (Sonu Punjaban), हाई प्रोफाइल देह व्यापार के लिए देशभर में बदनाम है। उसे दिल्ली-एनसईआर में सबसे बड़ा देह व्यापार रैकेट चलाने वाला माना जाता है। 13 साल की एक नाबालिग को देह व्यापार के धंधे में धकेलने पर दिल्ली पुलिस ने दिसंबर 2017 में उसे गिरफ्तार किया था। सोनू पंजाबन ने दो बार शादी की। उसकी पहले शादी गैंगस्टर विजय सिंह से हुई, जो वर्ष 2014 में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उसका दूसरा पति गैंगस्टर हेमंत सिंह भी दो साल बाद गुड़गांव में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। देह व्यापार के अलावा सोनू पंजाबन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और हत्या के पांच मामले दर्ज हैं।

10. शकीला – सबसे बड़ी जुआ संचालिका

दिल्ली-एनसीआर में सबसे बड़ा जुआ अड्डा चलाने वाली शकीला (Gambling Qeen Shakeela) कभी दिल्ली के लक्ष्मी नगर में सब्जी बेचती थी। उसके खिलाफ 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें हत्या, हत्या का प्रयास, जुआं, अवैध शराब की तस्करी और मकोका शामिल है। उसे उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर छेनू पहलवान का बेहद करीबी माना जाता है। शकीला का भाई मन्नू उर्फ अनीस खान भी 50 हजार रुपये का ईनामी बदमाश है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और अपहरण जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

11. सायरा बेगम – कोठा संचालिका

जीबी रोड दिल्ली के रेड लाइट एरिया में कोठा चलाने वाली सायरा बेगम (GB Road Brothel Owner Saira Begam) ने करीब तीन दशक पहले अपने पति के साथ अपराध की दुनिया में कदम रखा था। सायरा के खिलाफ अवैध देह व्यापार समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अगस्त 2016 में पुलिस ने उसे नेपाल और पूर्वोत्तर भारत से लड़कियों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस को जीबी रोड पर ही उसके छह और कोठे, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में एक फार्महाउस और बैंगलुरू में तीन फ्लैट की जानकारी मिली थी। इन सभी जगहों का उपयोग देह व्यापार के लिए किया जाता था।

12. राम प्रीत कौर – सबसे बड़ी लुटेरी

पुलिस के रिकॉर्ड में राम प्रीत कौर उर्फ रानी (Ram Preet Kaur alias Rani) की पहचान दिल्ली-एनसीआर की सबसे बड़ी लुटेरी के तौर पर दर्ज है। महज 32 साल की आयु में वह सबसे कम उम्र की महिला गैंगस्टर बन गई थी। उसके खिलाफ मोबाइल और चेन झपटमारी के 100 से ज्यादा केस दर्ज हैं। पुलिस को चकमा देने के लिए वारदात के वक्त वह लड़कों की तरह कपड़े पहनती थी। दिल्ली पुलिस उसे 15 से ज्यादा बार लूट के मामलों में गिरफ्तार कर चुकी है। हर बार जेल से बाहर आकर वह लूटपाट शुरू कर देती है।

13. बशीरन उर्फ मम्मी – सबसे बड़ा आपराधिक परिवार

राजस्थ से दिल्ली के संगम विहार में आकर बसी लेडी डॉन बशीरन (Lady Don Bashiran alias mummy) को अपराध की दुनिया में मम्मी पुकारा जाता है। इसकी वजह है उसके आठ बेटे। मां के नक्शे कदम पर चलते हुए ये सभी अपराध की दुनिया में उतर आए। तकरीबन 65 वर्षीय बशीरन और उसके परिवार के खिलाफ 113 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें हत्या, सुपारी किलिंग, अवैध उगाही, डकैती, शराब तस्करी और लूट जैसी वारदातें शामिल हैं। उसका परिवार दिल्ली के सबसे बड़े आपराधिक परिवारों में से एक है। बशीरन का पति मलखान सिंह ही परिवार का एक इकलौता पुरुष है, जिसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

Leave a Reply