Saturday, April 20, 2024
Uncategorized

पुलिस खा गई चोरी के गहने,55 लाख के

सभी चोर और पूरा माल पकड़ा गया था, झारखंड पुलिस सिर्फ 25 लाख की बरामदगी बताई, अफसरों को पता चला तो की बड़ी कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित नवकार ज्वेलर्स में 80 लाख के गहनों की सनसनीखेज चोरी में झारखंड पुलिस के अफसरों का भी नाम आय़ा है। 55 लाख के गहनों की हेराफेरी में झारखंड के बांसजोर चौकी प्रभारी सहित चार जवानों को सस्पेंड कर दिया गया है। सभी पर नवकार ज्वेलर्स से चोरी जेवर गायब करने का आरोप है। झारखंड पुलिस के आला अफसरों ने चौकी प्रभारी समेत पूरे स्टाफ के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। झारखंड पुलिस ने रायपुर पुलिस को पूरे घटना की जो थ्योरी बताई है, उससे हाईप्रोफाइल चोरी की जांच ही उलझ गई है। राजधानी में किसी बड़ी चोरी के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब दूसरे राज्य की पुलिस ही जांच के घेरे में फंस गई है।

प्रारंभिक जांच में राजधानी पुलिस का इनपुट सही होने के बाद बांसजोर चौकी प्रभारी पर कार्रवाई के साथ ही जांच के आदेश भी दिया गया है। गुढ़ियारी में 2 अक्टूबर की रात चोरी करके भागा गैंग झारखंड के बांसजोर में पकड़ा गया था। बांसजोर पुलिस ने आरोपियों से केवल 25 लाख की चांदी जब्ती बतायी थी। और 55 लाख के जेवर आरोपियों के पास होना बताया था । उन्होंने पुलिस को बताया कि एसयूवी में चार आरोपी सवार थे। पुलिस की नाकेबंदी देखकर दो आरोपी बाकी जेवर लेकर भाग गए। उन्हें गाड़ी से केवल 25 लाख की चांदी मिली है।

साइबर सेल की पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

साइबर सेल की टीम ने झारखंड में गिरफ्तार दो आरोपियों मोफिजुल शेख और मोजिबुर शेख को रायपुर लाकर पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने बताया कि यहां से भागने के बाद वे सभी अगले ही दिन सुबह बांसजोर चौकी की नाकेबंदी में पकड़े गए थे। चोरों का कहना है कि चोरी के गहने बैग में रखे थे। पुलिस ने पूरा बैग अपने कब्जे में ले लिया था। आरोपियों को दो दिन पुलिस चौकी में रखा गया था। पुलिस की रिपोर्ट में ये बताया गया है कि एसयूवी में 7 आरोपी थे। बांसजोर पुलिस ने केवल 4 को पकड़ा। उसमें भी 2 चोरों की गिरफ्तारी ही बताई गई। साइबर सेल और पुलिस को हाईटेक जांच में जो क्लू मिला है उसके मुताबिक दो आरोपियों को झारखंड पुलिस ने अपने पास ही रखा था। रायपुर के अफसरों ने संपर्क किया, तब बांसजोर चौकी के स्टाफ ने यह जानकारी दी। उसके बाद आनन-फानन में यहां राजधानी से टीम को रवाना किया गया। अफसर झारखंड पहुंचे, तो केवल 2 चोर और 25 लाख की चांदी बरामद होने की जानकारी पाकर हैरान रह गए। उसी समय अफसरों ने बांसजोर चौकी के इंचार्ज को चोरों के पूरे लोकेशन की जानकारी दी और बताया कि वे 3 अक्टूबर को ही पकड़े जा चुके हैं। लेकिन बांसजोर पुलिस ने इसे भी गलत करार दिया।

Leave a Reply